जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सोते बच्चे को लेकर मैराथन दौड़ रही महिला को देखकर लोग इनके जज्बे को सलाम करने लगे. श्रीनगर में आयोजित मैराथन के तीसरे संस्करण को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो डल जल झील के किनारे बेहद खूबसूरत बुलेवार्ड रोड से होकर गुजरी. सुबह की धुंध के बीच सफेद और गुलाबी रंग की बिब लगाए धावकों की ये तस्वीरें बेहद ही मनमोहक नजारा पेश कर रहीं थीं और इस बीच 27071 नंबर की बिब पहनी इस महिला ने सबका ध्यान खींचा, जिनका नाम कुलसुम बानू है. कुलसुम बानू गुजरात की रहने वाली हैं और उन्होंने हाफ मैराथन में हिस्सा लिया. उन्होंने अपनी पहली मैराथन दौड़ को अपने बच्चे को समर्पित किया. बानू की शादी कश्मीर के बांदीपोरा के गुरेज के रहने वाले इम्तियाज लोन से हुई हैं. लोन सीआरपीएफ में असम में पोस्टेड हैं. बानू श्रीनगर के बेमिना इलाके में रहती हैं. इनके तीन बच्चे हैं. एक 12 साल का बेटा, दो साल की बेटी और तीसरा बेटा रविवार की ठंडी सुबह में उनकी गोद में था. जब उन्होंने पोलो व्यू ग्राउंड से दौड़ना शुरू किया और ज़ीरो ब्रिज रोड होते हुए 21 किलोमीटर की दूरी तय की. इस मैराथन में 1,221 स्थानीय प्रतिभागियों, देश के अन्य हिस्सों से आए 513 धावकों और 73 विदेशी एथलीट ने हिस्सा लिया. विजेता इथियोपिया और केन्या के एथलीट रहे. बडगाम जिले के बीरवाह इलाके के एक कश्मीरी धावक ने हाफ मैराथन में पहला स्थान हासिल किया. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पोलो ग्राउंड में विजेताओं को पुरस्कार बांटे. इसके पहले दो संस्करण अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद आयोजित किए गए थे.