Skip to playerSkip to main content
  • 1 year ago
सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर स्थित त्रिनेत्र गणेश की महाआरती के साथ रविवार से शहर के 262वें स्थापना दिवस का आगाज हुआ। जिला कलक्टर शुभम चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, नगर परिषद सभापति मेघा वर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी धारा सिंह मीणा, सहायक निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, पर्यटन अधिकारी सिराज कुरैशी मौजूद रहे।
फोटो प्रदर्शनी में दर्शाया वन्यजीवन
जिला कलक्टर ने वन्यप्रेमी धर्मेन्द्र खाण्डल की बाघों की छायाचित्रों व राजकुमार शाक्यवाल के बाघों के चित्रों पर आधारित दो दिवसीय वन्यजीव प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। वहीं सवाई माधोपुर के संस्थापक सवाई माधोसिंह प्रथम की नगर परिषद परिसर स्थित प्रतिमा पर जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक, नगर परिषद सभापति, उप सभापति अली मोहम्मद, अतिरिक्त जिला कलक्टर धारा सिंह मीणा आदि ने पुष्पांजलि अर्पित की।
शोभायात्रा में प्रस्तुतियों ने मोहा मन
शोभा यात्रा को जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शहर भैरू दरवाजे से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। शोभा यात्रा भैरू दरवाजे से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए राजबाग मैदान पहुंची। त्रिनेत्र गणेश भगवान तथा बाघों की नगरी के नाम से मशहूर सवाई माधोपुर शहर की रंग बिरंगी सांस्कृतिक छटा बिखेरते लोक कलाकार, कलश धारण कर मंगल गीत गाती महिलाएं, बैण्डवादन करते स्कली विद्यार्थी, कच्ची घोड़ी, बहरूपीया नृत्य, कालबेलिया नृत्य कलाकारों ने शहर के बाजार से गुजरते हुए लोगों का मनमोह लिया। शोभा यात्रा में माधोसिंह प्रथम बने छात्र व भारत माता बनी छात्रा भी अकार्षण का केन्द्र रहे।
प्रतियोगिताओं में जीतने के लिए लगाया जोर
शोभा यात्रा के बाद राजबाग मैदान में रस्सा-कस्सी, मटका दौड़, नींबू चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़ एवं साफा बांधों प्रतियोगिताएं हुई। रस्सा-कस्सी में शहरी व ग्रामीण महिलाओं में ग्रामीण महिलाएं प्रथम, बालिकाओं में भारत विद्यापीठ की बालिकाएं द्वितीय एवं चन्द्र सागर विद्यालय की बालिकाएं तृतीय स्थान पर रही। मटका दौड़ में अंजना बैरवा प्रथम, उगन्ती देवी द्वितीय एवं अनिता मीणा तृतीय रही। नींबू चम्मच दौड़ में मीनाक्षी महावर प्रथम, खुशी सैनी द्वितीय एवं अशिता मीणा तृतीय रही। कुर्सी दौड़ में अंजना बैरवा प्रथम, आरोही पाराशर द्वितीय एवं शिवानी मीणा तृतीय रही। साफा बांधो में आदित्य सिंह प्रथम,शुभम सिंह द्वितीय एवं रघुवीर सिंह नरूका तृतीय रहे। विजेताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
आज यह होंगे कार्यक्रम
जिला खेल अधिकारी मीनू सोलंकी ने बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे दशहरा मैदान से जीपी कॉलेज, सर्किट हाउस होते हुए आलनपुर में अहिंसा सर्किल, कृषि उपज मण्डी से रणथम्भौर सर्किल होते हुए पुन: दशहरा मैदान तक मैराथन दौड़ होगी। दौड़ में 30 वर्ष से कम एवं 30 वर्ष से अधिक आयु के महिला व पुरूषों की अलग-अलग टीम बनाई जाएगी। सुबह 10:30 बजे दशहरा मैदान पर पेंटिंग प्रतियोगिता, 11 बजे काला गौरा भैरव मंदिर से गलता मंदिर तक हेरिटेज वॉक, दोपहर 1 बजे दशहरा मैदान में फुटबॉल मैच एवं शाम 6 बजे दशहरा मैदान में बॉलीवुड नाईट होगा।

Category

🗞
News
Comments

Recommended