नए सत्र के साढ़े चार माह बीते, जिले की 7,642 छात्राओं को अब तक नहीं मिली नि:शुल्क साइकिल
सवाईमाधोपुर. बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और बेटियों को स्कूल तक सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के बीच जिले में नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना की रफ्तार सवालों के घेरे में है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए साढ़े चार माह बीत चुके हैं, लेकिन कक्षा नौवीं में अध्ययनरत जिले की 7,642 छात्राओं को अब तक साइकिल नहीं मिल पाई है। विद्यालयों में साइकिलें कब पहुंचेंगी और छात्राओं को उनका वितरण कब होगा, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सरकार की योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की उन बेटियों को स्कूल तक पहुंचने में सहूलियत देना है, जिनके घर से विद्यालय की दूरी अधिक होने के कारण आवागमन में परेशानी होती है। साइकिल मिलने से छात्राओं के लिए स्कूल आना-जाना आसान होता है और पढ़ाई बीच में छोड़ने की आशंका भी कम होती है। लेकिन इस बार योजना की धीमी प्रक्रिया के कारण छात्राओं को खुद ही आवागमन का इंतजाम करना पड़ रहा है।
अप्रेल में शुरू हुआ सत्र, अक्टूबर तक भी इंतजार
शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत एक अप्रैल से हुई थी। शुरुआती डेढ़ माह बाद ग्रीष्मकालीन अवकाश रहा और एक जुलाई से विद्यालय फिर खुल गए। इसके बाद भी अब 5 अक्टूबर तक स्कूलों में साइकिलें नहीं पहुंची हैं। यानी नया सत्र शुरू हुए साढ़े चार माह से अधिक समय गुजर गया, लेकिन जिन छात्राओं को योजना के तहत साइकिल मिलनी थी, वे अब भी इंतजार कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई छात्राएं रोजाना घर से विद्यालय तक लंबी दूरी तय करती हैं। ऐसे में साइकिल मिलने में देरी का सीधा असर उनके रोजमर्रा के आवागमन पर पड़ रहा है। छात्राओं और अभिभावकों को अब यह इंतजार है कि विभाग कब साइकिलें उपलब्ध कराएगा और कब वितरण शुरू होगा।
2007-08 में शुरू हुई थी योजना
बालिकाओं को स्कूल से जोड़ने और उनके आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना की शुरुआत वर्ष 2007-08 में की थी। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों से कक्षा आठवीं उत्तीर्ण कर कक्षा नौवीं में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जाती है। योजना का मुख्य उद्देश्य दूरी के कारण बालिकाओं की पढ़ाई प्रभावित न हो और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकें।
.........................
फैक्ट फाइल
7,642 छात्राओं को साइकिल मिलने का इंतजार।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 1 अप्रेल से हुई।
1 अप्रेल से 15 मई तक शिक्षण सत्र के बाद ग्रीष्मकालीन अवकाश रहा।
1 जुलाई से स्कूल खुलने के बावजूद 5 अक्टूबर तक साइकिलें विद्यालयों में नहीं पहुंचीं।
योजना के तहत कक्षा आठवीं उत्तीर्ण कर कक्षा नौवीं में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं को साइकिल दी जाती है।
इनका कहना है..
यह उच्च स्तरीय मामला है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही छात्राओं को साइकिल वितरण होने की संभावना है।
दिनेश गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, सवाईमाधोपुर