बंगाल की खाड़ी के उठा साइक्लोन अर्नब ने गंभीर साइक्लोनिक तूफान का रूप धारण कर लिया है. मौसम विभाग के एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसका आंध्रप्रदेश पर गंभीर असर पड़ेगा. इस चक्रवातीय तूफान से बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है क्योंकि इसका असर पूरे दिन जारी रहेगा. इस दौरान तेज हवा चलेगी और बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. तूफान के समुद्र तट तट के पास पहुंचने पर इसकी तीव्रता और बढ़ने की संभावना है. उस समय हवा की स्पीड 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. इस दौरान समुद्र की लहरें 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची हो सकती हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा और यनम में तटीय इलाकों में पानी भरने का खतरा है. तूफान को लेकर अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है. सरकार ने साइक्लोन से प्रभावित जिलों में आज और कल के लिए शिक्षण संस्थानों में छुट्टियां घोषित कर दी है. वहीं, साउथ कोस्ट रेलवे ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों से शुरू होने वाली 53 ट्रेनें कैंसिल कर दी हैं.