संस्था की मनमानी पर डॉक्टर्स और कर्मचारियों का गुस्सा फूटा
सवाईमाधोपुर.सीएमएचओ कार्यालय में मैनपावर उपलब्ध कराने वाली संस्था की अनियमितताओं ने हालात गर्मा दिया है। करोड़ों रुपए का भुगतान उठाने के बावजूद चिकित्सकों और कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला। ऐसे में सोमवार को वेतन न मिलने पर गुस्साएं कर्मचारी और चिकित्सक सीएमएचओं कार्यालय पहुंचे और विरोध किया।मामले में जिला कलक्टर कानाराम ने नाराजगी जताई थी और सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने संस्था को ब्लैकलिस्टेड करने की तैयारी कर ली है।
भुगतान उठाया, मानदेय नहीं दिया
जानकारी के अनुसार मैसर्स महात्मा गांधी श्रमिक ठेका सहकारी समिति लिमिटेड ने जिले के विभिन्न आयुष्यमान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत कर्मचारियों का पूरा मानदेय नहीं दिया। सीएमएचओ की ओर से कई बार पत्र लिखे गए, लेकिन संस्था ने केवल एक माह का मानदेय दिया जबकि तीन माह का भुगतान उठा लिया। जब संस्था ने कोई कार्रवाई नहीं की तो सीएमएचओ कार्यालय की ओर से ब्लैकलिस्टेड करने का प्रस्ताव लिखा। लेकिन संस्था को ब्लैकलिस्टेड करने के बजाय मार्च माह का 25 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान और कर दिया। इसके बावजूद कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला। विरोध और धरना, फिर भी कार्रवाई नहीं कई माह से वेतन न मिलने पर कर्मचारियों ने बार‑बार विरोध प्रदर्शन किया और सीएमएचओ कार्यालय में धरना भी दिया। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। कर्मचारियों को दर‑दर भटकना पड़ा। मामले को लेकर डॉ. भानू प्रताप ने कहा कि आठ माह से वेतन नहीं मिला है। दिसंबर माह का वेतन भी नौ हजार रुपए काटकर दिया। कटौती का कारण पूछने पर जीएसटी बताया गया, लेकिन कोई प्रमाण नहीं दिखाया। संस्था के आशीष शर्मा ने कहा कि सीएमएचओ कार्यालय की ओर से फरवरी माह तक का पूरा भुगतान कर दिया है। उनके अनुसार फर्म ने कर्मचारियों को एक माह का मानदेय जारी भी कर दिया है।
इनका कहना है...
कार्यालय की ओर से दिसम्बर का भुगतान हो गया है। जनवरी और फरवरी के कुछ कार्मिकों का भुगतान बकाया है। इसके लिए संबंधित फर्म को निर्देश दिए हैं। डॉ. अनिल जैमिनी, सीएमएचओ, सवाईमाधोपुर
Comments