मुख्य मार्गो पर विद्युत पोलों पर स्ट्रीट लाइटे बनी शोपीस रात में अंधेरा होने से चोरी व दुर्घटना की बनी रहती है आशंका
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर रोडलाइट की समस्या भगवान भरोसे है। यहां मुख्य सड़क मार्ग से लेकर गली-मोहल्लों में भी शाम ढलते ही पूरा शहर अंधेरे में डूब जाता है। हालात है कि मुख्य मार्गो पर विद्युत पोलों पर स्ट्रीट लाइटे केवल शोपीस बनी है। इनको केवल खानापूर्ति के लिए ही लगा रखा है। इसको लेकर नगरपरिषद के जिम्मेदारो का कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में रात के समय चोरी व दुर्घटनाएं होने का अंदेशा बना रहता है। शहर में रोड लाइट की समस्या को लेकर राजस्थान पत्रिका टीम ने पड़ताल की। इस दौरान हालात बदतर नजर आए। पेश है एक रिपोर्ट...
यहां हालात आए बदहाल...
स्थान-सर्किट हाउस रोड
समय- 9.30 बजे यह सवाईमाधोपुर से श्योपुर तक एनएच-552 रोड है लेकिन इन दिनों सर्किट हाउस रोड पूरा अंधेरे में डूबा है। यहां सर्किट हाउस में आए दिन मंत्री, नेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही बनी रहती है लेकिन शाम ढलने के बाद पूरे रोड पर अंधेरा नजर आता है। आसपास लोगों से बात करने पर बताया कि कई दिनों से रोडलाइट बंद है। ऐसे में यहां अंधेरा बना रहता है और दुर्घटनाओं का अंदेश बना रहता है।
स्थान-जिला अस्पताल के सामने
समय- 9 बजकर 50 मिनट
जिला अस्पताल जहां दिन व रात में मरीजों की आवाजाही बनी रहती है। इसके अलावा बजरिया से शहर व शहर से बजरिया का मुख्य मार्ग है, लोगों का आना-जाना बना रहता है लेकिन पूरे रोड पर अंधेरा पसरा रहता है। स्थानीय नागरिकों से बात कि तो बताया कि रोडलाइट बंद है लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। कई बार जिला कलक्टर व नगरपरिषद आयुक्त को शिकायतें की लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहे है। स्थान-शहर भैरू दरवाजा समय-10.10 मिनट
जिला अस्पताल के आगे चलकर देखा तो यहां शहर भैरू दरवाजे पर भी रोडलाइटें बंद मिली। इस मार्ग पर रात के समय अंधेरा रहता है जबकि यहां पेट्रोल पंप भी संचालित है। यही से तेज गति से ओवरलोड बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते है। ऐसे में किसी बड़ी दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। पूर्व में भी यहां कई हादसे हो चुके है। स्थान-हम्मीर ब्रिज रोड -समय-10.25 मिनट
यह कहने को तो कोटा-लालसोट मेगा हाइवे है लेकिन पूरे रोड पर अंधेरा पसरा नजर आता है। इसी रोड पर जिला कलक्ट्रेट, मानटाउन थाना, नीलकंठ महादेव मंदिर, सिविल लाइन रोड पूरे मार्ग पर अंधेरा नजर आता है। देर रात तक ओवरलोड वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। लेकिन इस रोड पर विद्युत पोलों पर स्ट्रीट लाइटें केवल शोपीस नजर आती है। ......................
इनका कहना है... जिला मुख्यालय पर जहां-जहां भी स्ट्रीट लाइटे बंद है, वहां में जांच करवाता हूं। रोडलाइटे को जल्द ही ठीक कराया जाएगा।