सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर अव्यवस्था का नया चेहरा सामने आ रहा है। जगह‑जगह अघोषित बस स्टैण्ड पनप गए हैं, जहां बिना अनुमति बसें खड़ी होती हैं और यात्री चढ़ते‑उतरते हैं। इन अस्थाई स्टैण्डों ने मुख्य मार्गों को जाम से भर दिया है। दिनभर सड़क हादसों का खतरा बना रहता है, लेकिन परिवहन विभाग, प्रशासन और यातायात पुलिस की चुप्पी ने हालात को और बिगाड़ दिया है।
शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित होती जा रही है। मुख्य मार्गों से लेकर गलियों तक जगह‑जगह अघोषित बस स्टैण्ड पनप गए हैं। बिना अनुमति खड़ी बसों पर यात्री चढ़ते‑उतरते हैं, जिससे सड़कें जाम रहती हैं और हादसों का खतरा हर पल बना रहता है।
कलक्ट्रेट रोड पर ही बसों का जमावड़ा
परिवहन विभाग, प्रशासन और यातायात पुलिस की अनदेखी ने हालात को और गंभीर बना दिया है। जिला मुख्यालय पर मुख्य बाजार, बरवाड़ा बस स्टैण्ड, गौरव पथ, अम्बेडकर सर्किल, कलक्ट्रेट रोड पर भी निजी बसें खड़ी हो रही है। यहां निजी बस संचालकों ने अस्थाई रूप से ही बस स्टैण्ड बना दिए है। यहां से ही यात्री चढ़ते व उतरते है। वहीं बसें सड़क किनारे खड़ी रहती हैं, जिससे मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। दिनभर लोग जाम में फंसे रहते हैं और आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
कार्रवाई से बच रहे अधिकारी
शहरवासियों का कहना है कि इन अवैध बस स्टैण्डों ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है। नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं, मगर जिम्मेदार विभाग कार्रवाई से बचते हुए मौन साधे हुए हैं। मुख्य सड़कों पर बसों की कतारें खड़ी रहती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और आमजन को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। शहर की सूरत अवैध बस स्टैण्डों के कारण बदरंग हो चुकी है। नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं, मगर जिम्मेदार विभाग कार्रवाई से बचते नजर आ रहे है।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
बार‑बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि समय रहते इन अघोषित बस स्टैण्डों पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी मुख्य मार्गों पर खड़ी बसें, जाम और अव्यवस्था ने आमजन को प्रभावित किया है। जाम और अव्यवस्था के कारण पर्यटक बाजारों तक आसानी से नहीं पहुंच पाते। इससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।
.......................................
इनका कहना है....
बजरिया में जगह-जगह एक तरफा रोड बनाई गई है। इससे निजी बसों का इधर-उधर जमावड़ा है। जल्द ही अस्थाई रूप से खड़ी बसों पर कार्रवाई की जाएगी।
राकेश शर्मा, यातायात प्रभारी, सवाईमाधोपुर
Comments