पोस्ट ऑफिस रोड पर एक फीट ऊंची परत, बरसात में जलभराव का खतरा
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर सरकारी राशि का दुरूपयोग किस कदर हो रहा है इसकी एक बानकी जिला मुख्यालय पर देखी जा सकती है। बजरिया में इन दिनों विभिन्न जगहों पर बिना खोदे रोड बनाई जा रही है। सड़क निर्माण कार्यों में हो रही घोर लापरवाही और सरकारी राशि के खुले दुरुपयोग की तस्वीरें अब खुलकर सामने आ रही हैं। शहर के बजरिया क्षेत्र में महावीर पार्क के सामने, पोस्ट ऑफिस रोड, पुरानी ट्रक यूनियन और गौरव पथ जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सड़कों को बिना खोदे ही उन पर नई परतें चढ़ा दी हैं। इस मनमानी से सड़कें अस्वाभाविक रूप से ऊंची हो गई हैं और उन्हें एकतरफा छोड़ दिया है। इसके चलते किनारे पर बनी नालियों का स्तर भी सड़कों से नीचे हो गया है, जिससे उनका उद्देश्य ही समाप्त हो गया है। इसका सीधा नतीजा यह है कि गर्मी के इस मौसम में इन क्षेत्रों में लगातार भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिना खोदे एक फीट ऊंची कर दी रोड
पोस्ट ऑफिस रोड इसका सबसे ज्वलंत उदाहरण है। यहां सिर्फ सालभर पहले ही सड़क का निर्माण किया था, लेकिन अब उसी सड़क पर बिना पुरानी परत हटाए ही करीब एक फीट ऊंची एक और नई परत डाल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे बरसात के समय पानी भरने का गंभीर खतरा बढ़ गया है, जिससे पोस्ट ऑफिस आने-जाने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह कार्य सरकारी राशि का सीधा-सीधा दुरुपयोग है, जो विभागीय अधिकारियों की घोर उदासीनता और ठेकेदारों की मनमानी के कारण ही संभव हो सका है।
बरसात में जलभराव का बनेगा खतरा
सड़क निर्माण का मूल उद्देश्य आमजन को आवागमन में सुविधा प्रदान करना होता है, लेकिन यहां स्थिति ठीक उलट है। एकतरफा और अत्यधिक ऊंची सड़कें न केवल सामान्य यातायात को गंभीर रूप से बाधित कर रही हैं बल्कि भविष्य में बरसात के दौरान जलभराव और गंभीर दुर्घटनाओं के खतरे को भी कई गुना बढ़ा रही हैं। यह पूरा मामला अब केवल अव्यवस्थित निर्माण तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि सरकारी धन के गलत उपयोग और प्रशासनिक लापरवाही का भी एक स्पष्ट और गंभीर प्रतीक बन गया है, जिस पर संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को तत्काल ध्यान देना आवश्यक है।
ये बेाले लोग...
जाम से हो रही परेशानी
सड़कें ऊंची होने से किनारे की नालियां बेकार हो गई हैं और बरसात में पानी भरने का खतरा कई गुना बढ़ गया है। सड़क निर्माण का उद्देश्य जनता को सुविधा देना होता है, लेकिन यहां उल्टा जनता की मुश्किलें बढ़ रही हैं। गर्मी के मौसम में लगातार जाम की स्थिति ने राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक सभी को बेहाल कर दिया है। यह कार्य विभागीय अधिकारियों की उदासीनता और ठेकेदारों की मनमानी का नतीजा है, जिससे सरकारी राशि का सीधा दुरुपयोग हो रहा है।
बुद्धिप्रकाश मीना, नागरिक, आटूणखुर्द
नई परत से जलभराव का खतरा
पोस्ट ऑफिस रोड पर रोजाना आते-जाते हैं। यहां दो साल पहले ही सड़क बनाई गई थी, लेकिन अब उसी पर एक फीट ऊंची परत डाल दी गई है। इससे बरसात में पानी भरने का गंभीर खतरा है और उपभोक्ताओं को आने-जाने में भारी कठिनाई होगी। यह कार्य जनता की सुविधा के बजाय परेशानी बढ़ाने वाला है। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से सरकारी राशि का गलत उपयोग हो रहा है। इस तरह के कार्यों की जांच हो और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
राजू वर्मा, निवासी आदर्श नगर बी
......................
इनका कहना है...
बजरिया में लेवल के अनुसार ही सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। जलनिकासी के लिए ड्रेन सिस्टम बनाए जाएंगे। इससे बारिश का पानी सीधे लटिया नाले में जाएगा। तापमान में तेजी के कारण दोपहर में काम बंद कर रखा था। शाम को काम शुरू किया जाएगा।
गोविंद सहाय मीणा, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सवाईमाधोपुर
Comments