टैबलेट और मोबाइल ऐप से होगी जनगणना, आंकड़े रहेंगे सटीक और सुरक्षित
33 सवालों से बनेगी जिले की असली तस्वीर, योजनाओं की दिशा तय होगी
सवाईमाधोपुर. जिले में इस बार जनगणना एक बिल्कुल नए अंदाज़ में होगी। अगले माह शुरू होने वाली यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। गणनाकर्मी टैबलेट और मोबाइल ऐप के जरिए घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। अब गिनती केवल संख्याओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का विस्तृत ब्यौरा सामने आएगा।
आमजन डिजिटल तरीके से खुद भी जनगणना कर सकेंगे। 1 मई से 15 मई के दौरान आमजन ‘स्वजनगणना’ कर सकेंगे। सीएमएमएस (सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) पोर्टल पर सभी जानकारी भरकर जनगणना दर्ज करवा सकेंगे। जनगणना के लिए पहली ट्रेनिंग 15, 16 व 17 अप्रेल को ट्रेनिंग होगी। इसके बाद 20,21 व 22 अप्रेल को दूसरी ट्रेनिंग होगी। इसमें प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को ट्रेनिंग दी जाएगी।
घर-घर की होगी बारीक पड़ताल
जनगणना के पहले चरण में मकान और परिवार से जुड़ी कुल 33 जानकारियां जुटाई जाएंगी। इनमें मकान का नंबर, दीवार, छत और फर्श किस सामग्री से बने हैं, मकान का उपयोग और हालत, परिवार की संख्या, मुखिया का नाम, लिंग, जाति, स्वामित्व की स्थिति, कमरों की उपलब्धता, विवाहित जोड़ों की संख्या, पानी-बिजली का स्रोत, शौचालय की स्थिति और प्रकार, स्नानघर व रसोईघर की उपलब्धता, खाना पकाने का ईंधन, रेडियो, टीवी, इंटरनेट, कंप्यूटर, मोबाइल, साइकिल, दोपहिया और चारपहिया वाहन जैसी जानकारियां शामिल होंगी।
डिजिटल सुविधाओं और परिवहन पर रहेगा फोकस
इस बार की जनगणना में डिजिटल उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष फोकस रहेगा। इंटरनेट सुविधा, मोबाइल और स्मार्टफोन का उपयोग, लैपटॉप या कंप्यूटर की मौजूदगी, टीवी और रेडियो जैसी सुविधाओं को दर्ज किया जाएगा। साथ ही परिवहन साधनों की स्थिति भी पूछी जाएगी ताकि हर परिवार की जीवनशैली और संसाधनों का पूरा ब्यौरा सामने आ सके।
सटीक और सुरक्षित आंकड़े
डिजिटल जनगणना से आंकड़े अधिक सटीक और सुरक्षित रहेंगे। अधिकारियों का मानना है कि इससे योजनाओं की ज़रूरतों का आंकलन करना आसान होगा और विकास कार्यों की दिशा तय करने में मदद मिलेगी। ग्रामीण ढांचों से लेकर शहरी मोहल्लों तक हर परिवार की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। उधर, लोगों में इस बार की जनगणना को लेकर उत्सुकता भी है। मकान की दीवार किससे बनी है, शौचालय कैसा है, पानी-बिजली की स्थिति क्या है, इंटरनेट और टीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। ऐसे सवाल आमजन को भी रोचक लग रहे हैं। यह प्रक्रिया न केवल आंकड़े जुटाएगी बल्कि जिले की असली तस्वीर को सामने लाएगी।
फैक्ट फाइल
-जनगणना के लिए लगाए गए गणनाकर्मी: 2653
-कुल पर्यवेक्षक: 453
-जिले की 11 तहसीलों एवं 6 नगर निकाय क्षेत्रों में होगी जनगणना
-1 मई से 15 मई तक स्वगणना एवं 16 मई से 14 जून तक घर घर मकान सूचीकरण का कार्य होगा।
............................
इनका कहना है...
इस बार डिजिटल तरीके से जनगणना होगी। इस दौरान आमजन से 33 जरूरी सवाल पूडे जाएंगे। आमजन डिजिटल तरीके से खुद भी जनगणना कर सकेंगे। सीएमएस पोर्टल पर सभी जानकारी भरकर जनगणना दर्ज करवा सकेंगे।
डॉ. डिम्पल गुर्जर, उपनिदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग सवाईमाधोपुर
Comments