सवाई माधोपुर. बौली थाना पुलिस ने मुरकी लूट की वारदातों में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। इस गैंग का सरगना संजय उर्फ संजू कालबेलिया है, जो पहले भी आठ साल जेल की सजा काट चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। बाहर आते ही उसने पावर बाइक से एक दर्जन से अधिक वारदातें कर वृद्धजनों को निशाना बनाया।
पुलिस ने बताया कि 16 अप्रैल, 26 अप्रैल और 24 मई को क्रमशः ग्राम बांस टोरड़ा, पीपलदा और बौली में वृद्ध व्यक्तियों से सोने की मुरकियां लूटने के मामले दर्ज हुए। बदमाश रैकी कर रात में वृद्धजनों को निशाना बनाते और विरोध होने पर पत्थरों व धारदार हथियार से हमला कर देते। पुलिस टीम ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में करीब 900 किलोमीटर तक पीछा कर गैंग के तीन सदस्यों को मालपुरा रोड, जयपुर से दबोचा। गिरफ्तार आरोपी संजय पुत्र मोहननाथ निवासी टोंक, भोमा पुत्र काना नाथ निवासी कोटा व समीर पुत्र काना नाथ निवासी टोंक है।
यूं देते थे वारदात को अंजाम
यह गैंग रात में पावर बाइक से वारदात करता था। वृद्ध व्यक्तियों की पहनी हुई मुरकियां तोड़कर फरार हो जाता और लूटे गए माल को बेचकर मौज‑मस्ती में खर्च करता। संजय कालबेलिया ने स्वीकार किया है कि उसने जयपुर कमीशनरेट, जयपुर ग्रामीण, कोटा, भिलवाड़ा और टोंक जिलों में करीब 50 वारदातें की हैं। थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने मुखबिरी और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपियों का पता लगाया। टीम में अवधेश सिंह, लखमीचन्द, नरेन्द्र सिंह, लखनलाल, विजय, राकेश, जनार्दन, संदीप और साइबर सेल प्रभारी महेन्द्र शामिल रहे।
Comments