एनएफएसए से जुड़े पात्र उपभोक्ताओं को उज्ज्वला तर्ज पर सुविधा ई‑केवाईसी और एलपीजी आइडी मैपिंग पूरी करने पर ही मिलेगा लाभ
सवाईमाधोपुर. जिले के 1.39 लाख परिवारों अब रसोई गैस सिलेंडर मात्र 450 रुपए में मिलेगा। राजस्थान सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) से जुड़े पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के तहत यह लाभ देने की तैयारी शुरू कर दी है। उज्ज्वला योजना की तर्ज पर यह सुविधा सीधे डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में अनुदान भेजकर दी जाएगी। सरकार ने विधानसभा चुनावों से पहले जो वादा किया था, उसे अब पंचायत और निकाय चुनावों से पहले पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
लाखों पात्र परिवारों तक राहत का विस्तार जिले में एनएफएसए से जुड़े 2 लाख 37 हजार से अधिक पात्र व्यक्ति हैं, जिनमें से 1.39 लाख परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा। जिला रसद विभाग ने जिम्मेदारी राशन डीलर्स को दी है कि वे लाभार्थियों की 14 अंकों वाली एलपीजी आइडी को खाद्य सुरक्षा कार्ड से मैप करें। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, सिलेंडर की बुकिंग के दौरान ओटीपी आएगा और उसी के बाद सिलेंडर बुक हो सकेगा। सिलेंडर की मूल राशि पूर्ववत रहेगी, लेकिन सब्सिडी मिलने से उपभोक्ताओं को यह 450 रुपए में ही पड़ेगा।
ई‑केवाईसी अनिवार्य, नहीं तो अटकेगा लाभ
विभाग ने साफ कर दिया है कि सभी लाभार्थियों को ई‑केवाईसी कराना जरूरी होगा। अन्यथा गैस बुकिंग के दौरान ओटीपी आने में दिक्कत हो सकती है। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि कोई पात्र परिवार योजना से वंचित न रह जाए। विभाग का कहना है कि ई‑केवाईसी पूरी तरह से अनिवार्य है और बिना इसके सिलेंडर की बुकिंग संभव नहीं होगी। चुनावी वादे को पूरा करने की तैयारी तेज राजस्थान सरकार ने विधानसभा चुनावों से पहले घोषणा की थी कि पात्र परिवारों को 450 रुपए में सिलेंडर मिलेगा। अब पंचायत और निकाय चुनावों से पहले इस वादे को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। सरकार चाहती है कि जनता को राहत मिले और विपक्षी दल इस घोषणा को मुद्दा न बना सकें।
......................... इनका कहना है...
लाभार्थियों को अपने राशन डीलर के पास जाकर एलपीजी आइडी मैप करानी होगी, तभी उन्हें योजना का लाभ मिल सकेगा। बिना मैपिंग और ई‑केवाईसी के कोई भी परिवार योजना का लाभ नहीं उठा पाएगा। रामभजन मीणा, जिला रसद अधिकारी, सवाईमाधोपुर
Comments