ठेकेदार का नौ माह व कर्मचारियों का तीन माह का 30 लाख से अधिक भुगतान बकाया
सवाईमाधोपुर. नगरपरिषद के रोडलाइट ठेकेदार व कर्मचारी पिछले नौ माह से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ठेकेदारो का नौ माह तो ठेक पर लगे कर्मचारियों का तीन माह का भुगतान अटका है। ऐसे में करीब 30 लाख रुपए से अधिक का भुगतान लंबित होने से दर्जनभर कर्मचारी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हो गए हैं। परिवार चलाना भारी पड़ रहा है और जिम्मेदार अधिकारी इस पर मौन साधे बैठे हैं।
भुगतान को लेकर कर्मचारियों ने नगरपरिषद आयुक्त को कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें दीं, साथ ही ज्ञापन भी सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि रोडलाइट मेंटिनेंस का कार्य नियमानुसार और संतोषजनक रूप से किया जा रहा है। समय-समय पर बिल भी पेश किए गए, लेकिन फिर भी भुगतान नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारियों में रोष है। भुगतान नहीं होने से रोडलाइट की बत्ती गुल रोडलाइट ठेकेदार व कर्मचारियो का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों ने कार्य भी बंद कर दिया है। ऐसे में गत छह फरवरी को जिला मुख्यालय पर अधिकतर जगहों पर रोडलाइटे बंद रही। ऐसे में मुख्य मार्गों पर भी रात में अंधेरा छाया रहा। नगरपरिषद के अधिकारी लगातार उपेक्षा कर रहे हैं। वेतन भुगतान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि जल्द ही बकाया वेतन नहीं मिला तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। गत दिनों भी सभी कर्मचारी सामूहिक रूप से नगरपरिषद पहुंचे और आयुक्त को ज्ञापन सौंपा लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
आर्थिक संकट से टूटते परिवार
कर्मचारी सत्यप्रकाश मीना, विपिन कुमार, उमर, सद्दाम, संदीप, रोहित सहित एक दर्जन कर्मचारियों का वेतन अटका हुआ है। सभी ने बताया कि वेतन न मिलने से बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और दवाइयों जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारी कर्ज लेकर घर चला रहे हैं। इनका कहना है... रोडलाइट ठेकेदार व कर्मचारियों का कुछ माह का भुगतान बकाया है। जल्द ही बकाया भुगतान कराया जाएगा।
Comments