दीपावली के पावन पर्व पर लेकसिटी उदयपुर के प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर में आस्था देखते ही बन रही है. धनतेरस के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. करीब 400 साल पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर में माता लक्ष्मी का विशेष शृंगार किया गया है. देशभर से पहुंचे भक्त माता रानी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं. मंदिर में विराजित माता लक्ष्मी की प्रतिमा भी बेहद खास है. प्रतिमा में हाथियों को अपनी सूंड से जलकलश के माध्यम से माता रानी का अभिषेक करते हुए दर्शाया गया है.