जैसलमेर. 45 वार्ड सदस्यों वाली जैसलमेर नगरपरिषद में पार्षदों का चुनाव परिणाम आने के बाद अब बारी निकाय के मुखिया यानी सभापति पद की है। इस पद के लिए नामांकन की बुधवार को अंतिम तिथि थी। 25 सीटें जीतने वाली भाजपा को बोर्ड में स्पष्ट बहुमत मिला हुआ है, इसके बावजूद वह सभापति चुनाव को लेकर फूंक फूंक कर कदम रख रही है। यही कारण है कि नामांकन के अंतिम दिन पार्टी ने अपने दो पार्षदों अरुण पुरोहित और विजय डांगरा से नामांकन दाखिल करवाए। पार्टी का सिम्बल बंद लिफाफे में रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) वीरेंद्रसिंह को सौंपा। देर शाम तक भाजपा की तरफ से खुलासा नहीं किया गया कि आखिर उम्मीदवारी का ताज किसके सिर रखा गया है। भाजपा की इसी सस्पेंस वाली राजनीति के रास्ते पर विपक्षी कांग्रेस भी चलती हुई नजर आ रही है। परिषद में 16 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने दो नामांकन पत्र दाखिल करवाए हैं। पहला, अपना वार्ड चुनाव हारने वाले निर्मल पुरोहित से हाइब्रिड प्रणाली वाला और दूसरा, पूर्व सभापति और वार्ड 20 से विजयी अशोक सिंह तंवर से। कांग्रेस ने भी अपना सिम्बल बंद लिफाफे में रिटर्निंग अधिकारी के हवाले किया है। गुरुवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जानी है, उस दौरान ही पार्टियों के प्रत्याशियों का खुलासा हो सकेगा।
Comments