सवाईमाधोपुर. निकवटर्ती कुश्तला चौराहे के पास बुधवार सुबह टोंक‑सवाई माधोपुर हाइवे 116 पर ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। 65 वर्षीय कालू माली पुत्र सुखपाल माली पैदल जा रहे थे कि दिल्ली‑मुंबई एक्सप्रेस हाईवे की ओर से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उन्हें इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वे मौके पर ही मौत के शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग के सिर और पैर में गहरी चोटें आईं और घटनास्थल पर अफरा‑तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए। यह दृश्य इतना भयावह था कि हर कोई स्तब्ध रह गया। सूचना मिलते ही कुश्तला चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल हादसे की सूचना मिलते ही कालू माली के घर में मातम का माहौल छा गया। परिजन रो‑रोकर बेहाल हो गए और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुजुर्ग की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। ग्रामीणों ने बताया कि कालू माली गांव में सभी के लिए सम्मानित व्यक्ति थे और उनकी सादगी व मिलनसार स्वभाव के कारण हर कोई उन्हें अपना मानता था।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर लगातार तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं और पैदल चलने वालों के लिए खतरा बने रहते हैं।
Comments