Skip to playerSkip to main content
  • 8 months ago
सवाईमाधोपुर. अंतिम छोर पर बैठे प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लोगों को लाभांवित करें। यह बात राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने सोमवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कही।
उन्होंने शिक्षा विभाग से विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के लिए कार्य करने तथा उन्हें तार्किक सोच एवं पाठ्यपुस्तक के बाहर का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने पर बल दिया। उन्होंने नन्हे बच्चों को विद्यालय से जोडऩे के लिए शैक्षिक गतिविधियों में नवाचार और रोचकता लाने, विद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने एवं मानसिक और शारीरिक विकास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा का विशेष महत्व है।
राष्ट्र की प्रगति के लिए आधारभूत सुविधाएं जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति के लिए शिक्षा, चिकित्सा, सडक़, जल और ऊर्जा जैसी आधारभूत सुविधाओं का उत्कृष्ट स्तर जरूरी है। उन्होंने सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी भवनों की छतों और परिसरों का उपयोग करने, ऊर्जा आवश्यकताओ की पूर्ति के लिए जिले को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने एवं जल जीवन मिशन के तहत शेष घरों में शीघ्र नल कनेक्शन देने, प्रत्येक गांव-ढाणी को मोटरेबल सडक़ों से जोडऩे के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में चल रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक पौधारोपण, तालाबों की सफाई एवं वर्षा जल संग्रहण को प्राथमिकता देते हुए गांव का पानी गांव में रोकने के लिए अमृत सरोवर तथा अन्य जल संग्रहण संरचनाओं का विकास करने के निर्देश दिए।
श्रमिकों को रोजगार के लिए करें जागरुक
राज्यपाल ने मनरेगा में प्रति जॉब कार्ड औसत श्रमिक दिवस बढ़ाने के साथ श्रमिकों को रोजगार के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। स्वामित्व योजना के तहत पट्टा पार्सल का त्वरित वितरण, स्वच्छ भारत मिशन में कार्यशील शौचालयों की निगरानी और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर भी बल दिया। उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण रोकने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा संग्रहण तथा उसकी निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाकर कचरे को खुले स्थानों पर नहीं डालकर चिन्हित स्थानों पर गड्ढे खोदकर जमीन में गाडऩे के निर्देश दिए।
जरूरतमंद व्यक्तियों को मिले आवास
राज्यपाल ने राजीविका समूहों की समीक्षा करते हुए निष्क्रिय समूहों को पुन: सक्रिय करने, लागत तथा मुनाफे की जानकारी संकलित कर समूहों को आत्मनिर्भर व्यवसाय के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूहों से उत्पादित वस्तुओं की ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध आवास उपलब्ध कराने, भवन निर्माण में गुणवत्ता, वेंटिलेशन सहित संरचनात्मक सुदृढ़ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से संवाद कर सबसे गरीब परिवारों की जानकारी लेकर सत्यापन के बाद जरूरतमंद व्यक्तियों को सर्वप्रथम आवास प्रदान कराएं।
आरएसी के जवानें ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
आगामी मानसून के दौरान हरियालो राजस्थान अभियान के तहत ग्रामीणों और काश्तकारों की भागीदारी कर पौधों की सुरक्षा और सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर जीवितता प्रतिशत बढ़ाने को कहा। राज्यपाल के सवाई माधोपुर पहुंचने पर बैठक से पूर्व राज्यपाल को आरएसी के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बैठक में जिला प्रभारी सचिव संदीप वर्मा, जिला कलक्टर शुभम चैधरी, जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित कई मौजूद थे।

Category

🗞
News
Transcript
00:00www.feyyaz.tv
Comments

Recommended