दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए दो भारतीय यात्रियों के पास से करीब 26.67 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत 9 करोड़ 33 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों यात्री फ्लाइट AI2335 से टर्मिनल-3 पर पहुंचे थे और ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। खुफिया इनपुट के आधार पर अधिकारियों ने उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें हरे रंग के पदार्थ से भरे 26 पॉलीथीन पाउच छिपाए गए थे। कस्टम विभाग ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।