शुक्रवार दोपहर की घटना: विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल मुंडावर/सोड़ावास. शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मुंडावर कस्बे के समीपवर्ती उलाहेड़ी की पहाड़ी के पास स्कूली बच्चों को घर छोडऩे जा रही गाड़ी में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान गनीमत रही कि ड्राइवर अमित कुमार ने पास के गांव के लोगों के सहयोग से बच्चों को शीघ्र ही बाहर निकाल लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस के अनुसार गाड़ी सराय कला स्थित एक निजी स्कूल की बताई जा रही है। जबकि पुलिस ने गाड़ी में पांच बच्चे होने की बात कही, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गाड़ी में घटना के समय 10 बच्चे सवार थे। सूचना मिलने पर मुंडावर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन बच्चों को पहले ही दूसरी गाड़ी से सुरक्षित रवाना किया जा चुका था। जानकारी के अनुसार गाड़ी चांदपुर और मऊ गांव के बच्चों को घर छोडऩे जा रही थी। बच्चों को चांदपुर छोड़ते हुए मऊ की ओर जाते समय कंजर बस्ती के पास शॉर्ट सर्किट के कारण वायर जलने लगी। ड्राइवर ने तुरंत बच्चों को उतारकर दूसरी गाड़ी बुलवाई और सभी को सुरक्षित रवाना किया। इस दौरान सडक़ निर्माण कार्य भी चल रहा था, जिससे राहत और चुनौती दोनों बनी रही। सडक़ की स्थिति: सियाखो चौक पर मुंडावर- सडक़ मार्ग पिछले छह माह से अधूरा और क्षतिग्रस्त है। सीसी रोड का निर्माण अधूरा होने से वाहन चालक और दुकानदारों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के अंधेरे में तेज गति से आने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। निजी स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर सवाल इस घटना ने एक बार फिर निजी स्कूलों द्वारा बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। स्कूलों ने कभी यह सुनिश्चित नहीं किया कि वैन में स्पीड गवर्नर, अग्निशामक यंत्र, फस्र्ट एड बॉक्स, अटेंडेंट, जीपीएस या सीसीटीवी कैमरा मौजूद है या नहीं। पिछले दिनों अटेंडेंट नहीं होने के कारण चिरूनी गांव में एक स्कूल बस हादसे का शिकार भी हो चुकी है।