रिमझिम बारिश से आमजन को राहत, खेतों में रखी गेहूं की फसलें भीगीं
सुबह से शाम तक आसमान में बादलों का डेरा, किसानों की बढ़ी चिंता
सवाईमाधोपुर. जिले में मंगलवार को मौसम अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और शाम होते-होते बिजली गर्जन के साथ रिमझिम बारिश ने पूरे माहौल को ठंडा कर दिया। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
जिला मुख्यालय पर भी सुबह से शाम तक आसमान में घटाएं छाई रही। सुबह 11 बजे एवं दोपहर को एक बजे कुछ देर बारिश हुई। इसके बाद फिर शाम को साढ़े छह बजे बाद अचानक से मौसम खराब हो गया और बिजली गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक तेज हवा, बिजली गर्जन के साथ बारिश की बूंदे टपकती रही।
खेतों में रखी गेहूं की फसलें भीगीं
इस बदले हुए मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों खेतों में गेहूँ की कटी हुई फसलें रखी हुई हैं और कई जगह कटाई का काम चल रहा है। अचानक हुई बारिश से फसलें भीगने और खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का दौर लंबा चला तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
सुबह से शाम तक बादलों का डेरा
सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर तक उमस बनी रही और शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली। बिजली की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बारिश शुरू हुई, जिसने वातावरण को ठंडा कर दिया।
जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश
जिला मुख्यालय के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार रात को बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में लोग मौसम की इस बदली हुई करवट को लेकर चर्चा करते रहे।
Comments