राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित महारैली को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच आसपास के व्यापारिक इलाकों में चिंता बढ़ गई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से बड़ी संख्या में लोगों से रैली में शामिल होने की अपील के बीच कमला मार्केट के दुकानदारों का कहना है कि भारी भीड़, संभावित बैरिकेडिंग व यातायात प्रतिबंधों से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो सकता है. कुछ दुकानदारों ने सुरक्षा व संभावित अव्यवस्था की आशंका जताते हुए 1 नवंबर को दुकानें बंद रखने का फैसला किया है. वहीं, दिल्ली व्यापार महासंघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजेंद्र कपूर ने रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल की अधिसूचित सूची से हटाने की मांग दोहराई है. कारोबारियों के मुताबिक, मैदान के आसपास अस्पताल, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, प्रमुख थोक बाजार व घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके होने के कारण यहां बड़ी रैली के दौरान आवाजाही व कानून-व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. उनका कहना है कि इसका असर केवल दुकानदारों पर ही नहीं, बल्कि मरीजों, यात्रियों, स्थानीय निवासियों व त्योहारों के बाद खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों पर भी पड़ सकता है.