कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को भी दिल्ली में प्रदर्शन किया. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद और नेता बसों के जरिये जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और हिरासत में ले लिया था. बाद में सभी को छोड़ दिया गया. जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल की ओर जाते समय जब पुलिस ने विपक्षी सांसदों को बीच रास्ते में रोको, तो वे मध्य दिल्ली में शांगरी-ला होटल के पास गोल चक्कर पर ही धरने पर बैठ गए. जबकि प्रियंका गांधी दूसरी महिला नेताओं के साथ सड़क पर लेटी रहीं, और उनके हाथ में संविधान की एक प्रति भी थी.हालांकि, पुलिस ने राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को जबरदस्ती हटाया और हिरासत में ले लिया. मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी जमा हो गए और उन्होंने पहले राहुल गांधी को जबरदस्ती हटाया, और उन्हें अपने कंधों पर उठाकर पुलिस बस के अंदर डाल दिया.