भारतीय नौसेना के एक नाविक को पाकिस्तानी जासूस को समुद्री खुफिया जानकारी ‘‘भेजने’’ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि भारत विरोधी तत्वों ने सोशल मीडिया पर ‘‘हनीट्रैप’’ (मोहपाश में फंसाने) के जरिए नाविक को जाल में फंसाया गया. आंध्र प्रदेश पुलिस के ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ (सीआई) प्रकोष्ठ ने 31 वर्षीय प्रदीप मुखर्जी को तीन अक्टूबर को कोयंबटूर स्थित नौसेना के नेतृत्व प्रशिक्षण केंद्र ‘आईएनएस अग्रणी’ से गिरफ्तार किया. पश्चिम बंगाल के निवासी मुखर्जी 2014 में नौसेना में नाविक के तौर पर शामिल हुए थे और वह विशाखापत्तनम स्थित नौसेना की पूर्वी कमान में तैनात थे. गिरफ्तारी के समय वह प्रबंधन विकास पाठ्यक्रम में भाग ले रहे थे और करीब एक सप्ताह से कोयंबटूर स्थित इस प्रशिक्षण केंद्र में रह रहे थे.