सवाईमाधोपुर. शहर समेत जिलेँभर में गुरुवार शाम को मौसम का मिजाज बदला। तपती दोपहरी में जब लोगों को लगा कि गर्मी का कहर थमने वाला नहीं है, तभी शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट बदल दी। सुबह से ही तेज धूप ने जनजीवन को बेहाल कर रखा था। लोग पसीने से तर-बतर होकर राहत की उम्मीद कर रहे थे। लेकिन शाम चार बजे बाद अचानक अंधड़ चला और देखते ही देखते वातावरण धूल-धूसरित हो गया। जिला मुख्यालय पर शाम चार बजे तेज हवाओं के साथ आई धूल ने कुछ देर के लिए जनजीवन को थाम दिया। सड़कें और गलियां धूल से भर गईं, पेड़-पौधे झूमने लगे और आसमान पर धुंधली परत छा गई। लोग घरों में दुबक गए और दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए। कई जगह बिजली के तारों में भी अंधड़ का असर देखा गया।
बूंदाबांदी और ठंडी हवा से मिली राहत
अंधड़ के दौर थमने के बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। ठंडी हवाओं ने तपते वातावरण को पलभर में बदल दिया। लोग घरों से बाहर निकलकर खुले आसमान के नीचे खड़े हो गए और राहत की सांस ली। इससे पहले सुबह से लेकर दोपहर तक तापमान ने लोगों को बेहाल कर रखा था। बाजारों में भीड़ कम रही, लोग जरूरी काम निपटाकर घरों में दुबक गए। लेकिन शाम की ठंडी हवा और बूंदाबांदी ने पूरे माहौल को बदल दिया। ग्रामीण इलाकों में भी असर गांवों में खेतों पर काम कर रहे किसान अंधड़ से कुछ देर के लिए परेशान हुए, लेकिन बाद में ठंडी हवा और बूंदाबांदी ने उन्हें राहत दी। अंधड़ से शादी विवाह आयोजकों को भारी परेशानी हुई।
Comments