जैसलमेर जिला हजूरी समाज सेवा संस्थान की ओर से महिषासुर मर्दिनी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई, जिसने शहर को भक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता के रंगों से सराबोर कर दिया। समाज अध्यक्ष कमलसिंह भाटी की अध्यक्षता में शोभायात्रा हजूरी समाज सेवा संस्थान भवन से प्रारंभ होकर देवचंदेश्वर मंदिर, शिव रोड, गोपा चौक, गांधी चौक, हनुमान सर्किल, गीता आश्रम सर्किल, भाटिया मुक्तिधाम और डेडानसर ग्रामीण बस स्टैंड होते हुए जवाहर कोलानी स्थित मंदिर परिसर में संपन्न हुई। माघ सुदी पूर्णिमा के पावन अवसर पर महिषासुर मर्दिनी की प्राचीन प्रतिमाओं का शुद्धीकरण, प्रतिष्ठा तथा भेरूजी प्रतिमा स्थापना कार्य समाज की सामूहिक इच्छाशक्ति और भामाशाहों के सहयोग से पूर्ण हुआ। शोभायात्रा में पुरुष, महिलाएं और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। राजस्थानी परिधान, केसरिया साफा, एकता के प्रतीक धारण किए समाज जन डीजे की धुनों पर देशभक्ति गीत गाते रहे और हिंदुत्व की पताकाएं लहराते हुए जय श्री राम, जय सिया राम के उद्घोष करते चले।शोभायात्रा की अगुवाई लहराती ध्वजा और शंखनाद ने की। इसके बाद भारत माता, महिषासुर मर्दिनी, वेद मंत्रों संग प्रतिमाएं, बालिकाओं की कलश यात्रा, पारंपरिक वेश में स्कूटी सवार युवा, महिला शक्ति, ऊंट पर सवार मनीष पवार, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, सखी सत्संग मंडली, राधा-कृष्ण, मीरा, राम दरबार, शिव-पार्वती, नवदुर्गा, सरस्वती-संतोषी माता, जय जवान-जय किसान और बाल विवाह अभिशाप जैसी संदेशात्मक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
Comments